January 27, 2026 8:09 am

विधायक प्रकाश का राइफल क्लब पर डैमेज कंट्रोल: सीएम को लिखा पत्र,नीलामी पर ब्रेक की ‘मांग’।

कुमार गौरव

बांदा। शहर के ऐतिहासिक “राइफल क्लब खेल मैदान” को “नीलामी से बचाने” के लिए अब “सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी स्वयं मैदान में उतर” आए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत के “अज्ञानता भरे बयानों” के चलते जहां एक ओर “भाजपा संगठन को लगातार आलोचनाओं” का सामना करना पड़ रहा था, वहीं विधायक प्रकाश द्विवेदी की इस पहल से “डैमेज कंट्रोल” की उम्मीदें अब “प्रबल” हो गई हैं। उन्होंने इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नीलामी प्रक्रिया को तत्काल रोकने और मैदान को खिलाड़ियों के लिए संरक्षित व विकसित करने का आग्रह किया है।

बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा राइफल क्लब मैदान की नीलामी के लिए 1 जनवरी को विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। नीलामी की तिथि 21 जनवरी निर्धारित है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक प्रकाश ने स्पष्ट किया है कि राइफल क्लब मैदान मुख्यालय का एकमात्र बचा खेल मैदान है। यदि इसकी नीलामी होती है तो शहर के खिलाड़ियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि इस ऐतिहासिक मैदान पर देश और दुनिया में नाम रोशन करने वाले कई दिग्गज खिलाड़ी खेल चुके हैं। इनमें हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद, क्रिकेटर सुरेश रैना, पीयूष चावला, प्रवीण कुमार और आर.पी. सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। विधायक ने बताया कि यह मैदान वर्ष 1902 में तत्कालीन जमींदार द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड और खेल गतिविधियों के लिए लीज पर दिया गया था। बाद में पुलिस लाइन का निर्माण हो जाने के बाद से यह मैदान मुख्य रूप से खेल गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।

विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले की गंभीरता और जनभावनाओं को देखते हुए नीलामी प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और राइफल क्लब मैदान को आधुनिक सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों के लिए विकसित किया जाए।राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विधायक की इस पहल को निर्णायक कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें शासन के निर्णय पर टिकी हैं कि क्या यह ऐतिहासिक खेल मैदान नीलामी से बच पाएगा या नहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें