कुमार गौरव
बांदा। राइफल क्लब मैदान की नीलामी को लेकर चल रहे लंबे विवाद पर आखिरकार ब्रेक लग गया है। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के सतत प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नीलामी प्रक्रिया तत्काल रोकने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस निर्णय को जनहित, खेल और शहर की ऐतिहासिक विरासत की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।

गुरुवार को सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद से मुलाकात कर राइफल क्लब मैदान के ऐतिहासिक, सामाजिक और खेल संबंधी महत्व को विस्तार से रेखांकित किया। विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र में बताया कि बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा 21 जनवरी को नीलामी के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है, जिससे जिले के एकमात्र प्रमुख खेल मैदान के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है।

विधायक द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राइफल क्लब मैदान केवल एक भूखंड नहीं, बल्कि बांदा की खेल संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों की पहचान है। यहां वर्षों से खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं और यह मैदान जिले के खिलाड़ियों के लिए अभ्यास और प्रतिभा निखारने का एकमात्र बड़ा केंद्र है। विधायक की बातों और प्रस्तुत तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नीलामी प्रक्रिया तत्काल रोकने के निर्देश शासन को जारी कर दिए। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के बाद न केवल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में राहत की सांस ली गई, बल्कि शहरवासियों में भी संतोष का माहौल है।

राइफल क्लब की नीलामी रुकने को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिस मुद्दे पर भाजपा संगठन की किरकिरी हो रही थी और विपक्ष हमलावर था, वहां विधायक प्रकाश द्विवेदी की सक्रियता ने डैमेज कंट्रोल के साथ-साथ राजनीतिक बढ़त भी दिलाई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले से विधायक ने एक लोकप्रियता का छक्का जड़ दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास शुरू से ही खेल और जनहित की रक्षा के लिए था।













