कुमार गौरव
बांदा। जिले में बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं तथा लगभग 135 घन मीटर बालू को सीज कर थाना मटौंध के सुपुर्द कर दिया गया है। यह कार्रवाई बांदा तहसील के ग्राम अछरौड एवं उजरेहटा क्षेत्र में बालू के अवैध खनन और अवैध परिवहन की बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर की गई है।

8 और 9 मार्च को खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने इस क्षेत्र में छापामार जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान टीम ने अवैध तरीके से बालू के परिवहन में लिप्त तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा। 8 मार्च को एक ट्रैक्टर को अवैध बालू लदे हुए पकड़ा गया, जबकि अगले दिन 9 मार्च को इसी क्रम में दो अन्य ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। जिलाधिकारी डॉ. जे. रीभा के अग्रिम आदेशों के तहत सभी तीनों ट्रैक्टरों को थाना मटौंध की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

इसके अलावा, अधिकारियों ने ग्राम अछरौड/उजरेहटा क्षेत्र में एक अवैध बालू डम्प भी पाया, जहां लगभग 135 घन मीटर बालू अवैध रूप से जमा पाई गई। यह बालू भी निरुद्ध (सीज) कर थाना मटौंध को सौंप दी गई है। जिला प्रशासन ने अवैध खनन और बालू तस्करी को रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. जे. रीभा ने कहा कि “बालू के अवैध खनन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान होता है और यह सार्वजनिक व्यवस्था के लिए भी खतरा पैदा करता है। प्रशासन किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं करेगा।” स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को सराहा है और मांग की है कि अवैध खनन रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएं। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कानून के तहत सभी जब्त संपत्तियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई अधिनियम के तहत की जाएगी।










