March 11, 2026 1:01 am

बांदा में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दूध विक्रेता को मारी टक्कर, युवक की मौत

कुमार गौरव

बांदा। जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूध बेचने जा रहे साइकिल सवार की कार से टक्कर में घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को सामने से टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा। पुलिस ने घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कार व चालक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, गौर शिवपुर (पनगरा) निवासी 54 वर्षीय नत्थू यादव पुत्र स्वामीदीन सुबह साढ़े दस बजे गांव से दूध लेकर साइकिल पर सवार होकर नरैनी जा रहे थे। तभी नरैनी-बांदा मुख्य मार्ग पर तिकोनी पुलिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद साइकिल सवार नत्थू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर नरैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र वीरेंद्र यादव ने बताया, “मेरे पिताजी हर दिन सुबह दूध बेचने जाते थे। आज भी वह नियमित रूप से गांव से दूध लेकर नरैनी जा रहे थे कि अचानक यह भयानक हादसा हो गया। हम पूरे परिवार पर अचानक से संकट का पहाड़ टूट पड़ा है।”

पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार कार (मारुति स्विफ्ट) टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खेत में जा घुसी। कार में सवार दो लोग चिराग सोनी, तलहटी कालिंजर और सुशील कुमार, कवहारी (सतना, मध्य प्रदेश) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कार को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाली उपनिरीक्षक कल्बे अब्बास ने बताया, “घटना तेज रफ्तार के कारण हुई है। कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्ण गाड़ी चलाने और मानव हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच जारी है।” इस घटना ने नरैनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय लोगों ने बार-बार तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराए जाने की अपील की है। पुलिस स्थानीय निवासियों से आह्वान किया है कि वे सड़क पर यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार से बचें ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें