March 14, 2026 5:06 am

बांदा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मनरेगा का नाम बदले जाने पर केंद्र सरकार को घेरा

कुमार गौरव

बांदा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर चल रही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने के केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में बांदा जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से मार्च निकाला और पालिका स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के इस निर्णय को “सनक” और “महात्मा गांधी का अपमान” करार दिया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। इसके बाद जुलूस नगर पालिका में स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपिता की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर मनरेगा का नामकरण उनके विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान का सम्मान था। उन्होंने कहा,“गांधी जी ने ग्राम स्वराज, स्वावलंबन, श्रम की गरिमा और अंतिम व्यक्ति के उत्थान को जीवन का उद्देश्य बनाया। योजना का नाम बदलना उनके सम्मान पर कुठाराघात है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।” आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार “विकृत मानसिकता” से प्रेरित होकर महापुरुषों के नाम पर चल रही अनेक योजनाओं के नाम बदल रही है, जिससे उनके योगदान को कमतर करने की कोशिश की जा रही है।

इस मौके पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अफसाना शाह, एआईसीसी सदस्य रमेश चंद्र कोरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संकटा प्रसाद त्रिपाठी, बल्देव वर्मा, जिला महामंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधन दिया और केंद्र सरकार के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें