कुमार गौरव
बांदा। अधिवक्ता संघ एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू ने यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) से जुड़े नए कानून का कड़ा विरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।

अशोक त्रिपाठी जीतू ने कहा कि यूजीसी कानून देश के मेधावी छात्रों के हितों के विरुद्ध है और इसके लागू होने से योग्य छात्रों को झूठे मामलों में फंसाने का रास्ता खुल जाएगा। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए सवाल किया,“देश के कानून मंत्री को क्या हो गया है? यह कानून व्यवस्था कैसी है कि किसी वर्ग के छात्रों को झूठे आरोपों में फंसाया जाए और उस झूठे आरोप लगाने वाले पर कोई कार्रवाई न हो?”

पूर्व जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह कानून दोहरी व्यवस्था को बढ़ावा देगा,जिसमें एक देश में दो तरह के कानून लागू होंगे। उन्होंने कहा कि यह संविधान के मूल सिद्धांतों के विपरीत है और कानून मंत्री ने संविधान को किनारे रख दिया है। अशोक त्रिपाठी जीतू ने प्रधानमंत्री से निवेदन पूर्ण मांग की कि यूजीसी कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल को मंत्रिमंडल से बाहर किया जाए।












