- कुमार गौरव
बांदा। नगर कोतवाली क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी अंतर्गत एक मान्यता प्राप्त पत्रकार पर कथित रूप से साजिश के तहत हमला किया गया है। घटना में पत्रकार इकबाल खान गंभीर रूप से घायल हैं। हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घायल पत्रकार इकबाल के अनुसार कुछ अज्ञात लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से यह वारदात की गई।

उन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल अवस्था में इकबाल खान द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच सिविल लाइन चौकी इंचार्ज को सौंप दी है।

पीड़ित ने अपनी तहरीर में एक व्यक्ति के नाम का उल्लेख साजिशकर्ता के रूप में बताया है, जबकि अन्य हमलावरों की पहचान से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल को भी पूरे प्रकरण की जानकारी दे दी गई है।











