- कुमार गौरव
बांदा। तिंदवारी ब्लॉक के ग्राम गुगौली में बन रही सीसी सड़क इन दिनों गंभीर विवादों में घिर गई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि सड़क निर्माण में तय मानकों की खुली अनदेखी की गई है। जिस सड़क को सीसी रोड बताया जा रहा है, वह कई स्थानों पर मिट्टी के रास्ते जैसी दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में सीमेंट, गिट्टी और बालू का उपयोग बेहद कम मात्रा में किया गया है। सड़क की मोटाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। कुछ हिस्सों में सतह पहले ही दरकने लगी है, जिससे स्पष्ट है कि निर्माण की गुणवत्ता संदिग्ध है। स्थानीय लोगों के अनुसार ठेकेदार ने गुणवत्ता को दरकिनार कर जल्दबाजी में कार्य पूरा करने की कोशिश की। आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो तकनीकी निगरानी दिखाई दी और न ही संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी। इससे सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना जांच के भुगतान कैसे किया जाएगा?
ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से शिकायत की। बताया जाता है कि जांच कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की दबंगई और प्रभाव के चलते जांच प्रक्रिया ठंडे बस्ते में चली गई है। गांव में इस मुद्दे को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो यह सड़क कुछ ही महीनों में टूट जाएगी और सरकारी धन की बर्बादी होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की थर्ड पार्टी जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।











