कुमार गौरव
बांदा। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है, जिसने नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक नई जागरूकता पैदा कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को अंकित बासू वार्ड 16, झील का पुरवा (काशीराम कॉलोनी) पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण किया।

अपने दौरे के दौरान अंकित बासू ने निर्माण सामग्री, मिश्रण अनुपात, गहराई और मजबूती जैसे तकनीकी पहलुओं की जांच की और कार्यदायी एजेंसी के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्य स्थल पर खुद रोड के नमूने की जांच कर गुणवत्ता का आकलन किया और कहा कि अब घटिया निर्माण कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने वार्डवासियों से भी व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। नागरिकों ने जल आपूर्ति, ड्रेनेज व्यवस्था, सामुदायिक सुविधाओं और सड़क की खराब हालत जैसी समस्याओं के बारे में अपनी चिंताएं साझा कीं। अंकित बासू ने आश्वासन देते हुए कहा कि इन समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

“आपकी सेवा और विकास ही हमारी पहली प्राथमिकता है,” – यह कहते हुए अंकित बासू ने नगर पालिका परिषद के संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। अधिकारियों से कहा की निरीक्षण में पाई गई कमियों को 48 घंटे के भीतर दूर किया जाए। नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सुविधाएं उपलब्ध हों। अंकित बासू के निरीक्षण अभियान का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कार्यदायी संस्थाओं में इसके कारण बेचैनी का माहौल है और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर अब अधिक सावधानी बरती जा रही है।











