March 3, 2026 4:13 pm

विद्यालय को अपना मानेंगे तभी होगा शिक्षा का वास्तविक विकास: डा. प्रभाकर सिंह

कुमार गौरव

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मेरा गांव मेरा विद्यालय” अभियान के अंतर्गत आज पी एम श्री कंपोजिट विद्यालय कछार पुरवा में स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों के साथ जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और गांव के मध्य सशक्त समन्वय स्थापित करना, शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाना तथा सामुदायिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रभाकर सिंह, विकास पथ सेवा संस्थान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि शंकर प्रसाद यादव तथा कार्यक्रम संयोजक विद्यासागर सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि “यह हमारे अपने गांव का विद्यालय है। इसकी एक-एक चीज हम सबकी है, इस गांव की है। चाहे पोषण वाटिका हो, बागवानी हो, कंप्यूटर लैब हो या लाइब्रेरी—यह सब हमारे बच्चों के भविष्य के लिए है। इसलिए हमें इसे सहेजकर रखना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी यहां पढ़ सकें और विद्यालय निरंतर सुंदर एवं व्यवस्थित रूप से चलता रहे। उन्होंने आगे कहा कि “किसी भी सामग्री को यह सोचकर नुकसान न पहुंचाएं कि यह सरकारी है। इसे अपना समझकर उपयोग करें और संरक्षण करें। जब हम विद्यालय को अपना मानेंगे, तभी शिक्षा का वास्तविक विकास संभव होगा।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव ने कहा कि गांव का विद्यालय ही गांव के विकास की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय की गतिविधियों में सहयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम संयोजक विद्यासागर सिंह ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि “मेरा गांव मेरा स्कूल” कार्यक्रम का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से विद्यालय को आदर्श बनाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे। बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने यह सिद्ध किया कि गांव अपने विद्यालय के प्रति जागरूक और जिम्मेदार है।कार्यक्रम में शिक्षिका सुशील पांडे, दीपा देवी रंजन चंदेल सोनू गौतम गीतांजलि सिंह प्रियंका द्विवेदी सियाराम सिंह विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र प्रसाद एवं सदस्य तथा ग्रामवासी एवं अभिभावक मौजूद रहे। अंत में सभी ने विद्यालय को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें