कुमार गौरव
बांदा। बुंदेलखंड की धरती पर खेती की नई तस्वीर गढ़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि तकनीक से बुंदेलखंड की तकदीर बदलेगी।

शाही ने विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में यहां 460 विद्यार्थी और 13 शिक्षक थे, जो अब बढ़कर 1500 विद्यार्थी और 120 शिक्षक हो गए हैं। उन्होंने प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 2 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि को सरकार की योजनाओं और वैज्ञानिक नवाचारों का परिणाम बताया।

इस अवसर पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय क्षेत्र की कृषि प्रगति का प्रमुख केंद्र बन चुका है। कार्यक्रम में डॉ गिरीश प्रसाद दीक्षित को ‘कृषि अनुसंधान गौरव सम्मान’ और 10 प्रगतिशील किसानों को ‘उत्कृष्ट किसान सम्मान’ प्रदान किया गया।










