कुमार गौरव
बांदा। विधायक प्रकाश दिवेदी नें फिर विकास की एक नई इबारत लिख दी। सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम को एक आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल केंद्र में बदलने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। स्टेडियम में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 9 करोड़ 12 लाख रुपये की धनराशि को मंजूरी दे दी गई है, जिसमें से 237 लाख रुपये की राशि पहले ही जारी कर दी गई है। यह विकास कार्य जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उम्मीद के रूप में उभरा है।

विधायक प्रकाश ने इस परियोजना के बारे में बताते हुए कहा कि इस धनराशि से स्टेडियम के परिसर में कई प्रमुख विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें प्रशासनिक भवन का निर्माण, परिसर की बाउंड्री वॉल, कैंपस का विद्युतीकरण, मैदान में मिट्टी का भराव, स्विमिंग पूल का जीर्णोद्धार, बास्केटबॉल कोर्ट का नवनिर्माण और सिंथेटिक पाथवे का निर्माण शामिल है। विधायक प्रकाश ने बताया कि इन उन्नयन कार्यों के पूरा होने के बाद जिले के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। “यह न केवल उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद करेगा, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।

उन्होंने इस पहल को शहर को एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक “मील का पत्थर” बताया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा खेलकूद मंत्री गिरीश यादव का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के युवाओं के खेलों के प्रति समर्पण ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को संभव बनाया है।
इस विकास परियोजना के पूरा होने के बाद, सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम न केवल जिले का गौरव होगा, बल्कि खेलों की उत्कृष्टता के लिए एक प्रेरणास्रोत भी बनेगा।











