September 13, 2026 10:10 am

चित्रकूट मंडल बना कोडीनयुक्त नशे के सिरप का गढ़: मास्टरमाइंड गिरफ्तार

विनोद मिश्रा

बांदा। चित्रकूट मंडल में नशे का जहर कितना गहरा उतर चुका है,इसका अंदाजा इसी से लगाइए कि यह पूरा मंडल अब कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। युवा पीढ़ी को नशे की लत में धकेल कर करोड़ों कमाने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने आखिरकार दबोच ही लिया।

बांदा जिले के अतर्रा निवासी मुख्य आरोपी प्रियांशु गुप्ता उर्फ किशन (29) को पुलिस टीम ने आगरा से गिरफ्तार किया है। वह आगरा में अपने दोस्त के घर में छिपा बैठा था। पुलिस ने जब उसके परिवार और रिश्तेदारों की कॉल डिटेल खंगाली, तब जाकर उसकी लोकेशन ट्रेस हुई। न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ 3 सितंबर को हुआ था, जब बिसंडा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एसटीएफ और बिसंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से कोडीनयुक्त सिरप की 30 हजार शीशियां बरामद की थीं। मौके से चार तस्कर गिरफ्तार हुए थे और उन्हीं ने पूछताछ में प्रियांशु का नाम उगला था। तभी से पुलिस उसके पीछे थी।

सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रियांशु ने पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। मेडिकल कारोबार से जुड़ा होने के कारण उसे पता था कि यह सिरप नशे के रूप में इस्तेमाल होता है। पैसे की लालसा में वह इस धंधे में उतर गया और मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर सिरप की खपत कराता था। आरोपी पिछले कई महीनों से इस कारोबार में सक्रिय था और उसने कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर के कई और लोग भी इस रैकेट से जुड़े हैं। पुलिस जल्द ही उनके ठिकानों पर दबिश देने वाली है और आने वाले दिनों में इस मामले में बड़ी गिरफ्तारियां तय मानी जा रही हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें