विनोद मिश्रा
बांदा। गिरवां कस्बे में बुधवार रात लगभग दस बजे थाने के सामने ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने 30 साल के लाला राम कुशवाहा को कुचल दिया। बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा सब्जी विक्रेता पल भर में खून से लथपथ सड़क पर पड़ा था। जब तक लोग दौड़े,उसकी सांसें थम चुकी थीं।

लाला राम जो सुबह से शाम तक ठेले पर सब्जी बेचकर अपने तीन मासूम बच्चों और पत्नी का पेट पालता था। रात को घर में इंतजार हो रहा था कि पापा आएंगे, लेकिन खबर आई तो चीखों से पूरा मोहल्ला दहल गया। पत्नी बेसुध होकर शव से लिपट गई,मासूम बच्चे समझ भी नहीं पा रहे थे कि अब क्या हो गया। थाने के सामने हुई इस मौत से गुस्साए लोगों का सब्र टूट गया। परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। दो घंटे तक सड़क पर सिर्फ एक ही मांग गूंजती रही की हमारे लाला राम को इंसाफ दो।

सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने किसी तरह लोगों को समझाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा और ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। एक हादसे ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जो इकलौता कमाने वाला था, वही अब नहीं रहा। घर के चूल्हे पर अब सन्नाटा है और आंगन में मातम।










