- कुमार गौरव
बांदा। नगर में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता ने सख्त तेवर दिखाए हैं। अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू के साथ उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने निर्माणाधीन सीसी रोडों की मोटाई, गुणवत्ता, लेवलिंग और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता में कमी या कार्य में लापरवाही बरती गई तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कार्य की गति धीमी पाए जाने पर नाराजगी जताई गई। पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू ने कहा कि नगर का विकास केवल कागजों में नहीं,बल्कि जमीन पर दिखाई देना चाहिए।











