March 10, 2026 11:46 am

पूर्व विधायक दलजीत सिंह का सुझाव: बुंदेलखंड वाटर स्पोर्ट्स टूरिज्म का बनें हब।

कुमार गौरव

बांदा। बुंदेलखंड क्षेत्र, जो प्राकृतिक संपदा से लबालब है, अब पर्यटन के क्षेत्र में एक नए आयाम की ओर बढ़ सकता है। बांदा से पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह ने बुंदेलखंड को “वाटर स्पोर्ट्स टूरिज्म” का केंद्र बनाने का सुझाव देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में जल आधारित पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और न्यूनतम लागत में इसका विकास संभव है।

अपने एक बयान में दलजीत सिंह ने कहा, “बुंदेलखंड प्राकृतिक, सांस्कृतिक, पुरातात्विक और धार्मिक धरोहर से भरपूर है। बांदा, कालिंजर, चित्रकूट, महोबा, कालपी, ललितपुर, झांसी जैसे जिले पर्यटकों को लुभाने की अनूठी क्षमता रखते हैं। इन सबके बीच, बुंदेलखंड में बांध, झीलें और बहती नदियों की प्रचुरता है, जो वाटर स्पोर्ट्स के लिए आदर्श माहौल प्रदान करती है।” उन्होंने बताया कि प्रदेश की योगी सरकार पहले से ही बुंदेलखंड को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दे रही है। दलजीत सिंह ने कहा, “इन स्थानों पर प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी के माध्यम से वाटर स्पोर्ट्स की सुविधाओं का विकास किया जा सकता है। इससे न केवल पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।”

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन मंत्री से आग्रह किया है कि बुंदेलखंड में वाटर स्पोर्ट्स के विकास हेतु एक विशेष योजना तैयार की जाए। इसके साथ ही प्राइवेट निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए उचित नीतिगत ढांचा विकसित किया जाए।
दलजीत सिंह ने जोर देकर कहा, “बुंदेलखंड की प्राकृतिक सुंदरता और जल संसाधनों का पूरा उपयोग अभी तक नहीं हुआ है। अब समय आ गया है कि हम न केवल स्मारकों या तीर्थ स्थलों तक सीमित रहें, बल्कि एडवेंचर और वाटर टूरिज्म को भी बढ़ावा दें।” यदि वाटर स्पोर्ट्स टूरिज्म को वास्तविक रूप दिया जाता है, तो बुंदेलखंड न केवल प्रदेश के भीतर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पर्यटकों के लिए एक नई पसंदीदा जगह बन सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें