कुमार गौरव
बांदा। करतल चौकी क्षेत्र के गांव बरसडामानपुर में एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात चुराने के मामले में पुलिस ने शानदार कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, चोरी किए गए सभी मूल्यवान सामान को भी पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, बरसडामानपुर गांव निवासी पप्पू पुत्र रामसेवक राजपूत ने 11 मार्च को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह अपने परिवार के साथ खेत पर फसल काटने गया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया और घर में रखे कीमती जेवरात व अन्य सामान चुरा ले गए। चोरों ने घर से तीन चांदी की चेन, एक चांदी की कमर पेटी, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी का कड़ा, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, चार चांदी की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, सोने के कान के टॉप्स, एक सोने का लॉकेट, सोने की नथुनी, एक चांदी का सिक्का सहित अन्य मूल्यवान वस्तुएं चुरा लीं। सूचना मिलते ही करतल चौकी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

करतल चौकी इंचार्ज सूबेदार बिंद ने बताया कि घटना की गहनता से जांच करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शफीक पुत्र भूरा निवासी लहुरेटा को बघैला मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध का गुनाह कबूल कर लिया और चोरी किए गए सामान के छिपाए गए स्थान की निशानदेही की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी जेवरात और अन्य मूल्यवान सामान बरामद कर लिए हैं। बरामद किए गए सामान का बाद में पीड़ित पप्पू राजपूत को सौंप दिया गया। सूबेदार बिंद ने बताया कि आरोपी शफीक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से न केवल पीड़ित परिवार को न्याय मिला है, बल्कि स्थानीय निवासियों में भी पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अपने घरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










