March 14, 2026 12:54 am

राइफल क्लब मैदान में प्रदर्शनी लगाने का विरोध, कांग्रेस ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी।

कुमार गौरव

बांदा। शहर के प्रमुख खेल मैदान राइफल क्लब में प्रस्तावित प्रदर्शनी को लेकर अब विवाद तेज होता नजर आ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी जे. रीभा को ज्ञापन सौंपते हुए मैदान में प्रदर्शनी आयोजित किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खेल मैदान की मूल उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि शहर के बीचों-बीच स्थित राइफल क्लब मैदान लंबे समय से जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं और प्रतियोगिताओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ी इसी मैदान में अभ्यास कर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए तैयार होते हैं। ऐसे में यदि यहां प्रदर्शनी जैसे आयोजन कराए जाते हैं तो खिलाड़ियों के अभ्यास और खेल गतिविधियों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।

राजेश दीक्षित ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के तहत सेना भर्ती की तैयारी के लिए इसी मैदान में नियमित रूप से दौड़ और शारीरिक अभ्यास करते हैं। मैदान में प्रदर्शनी लगाए जाने से उनकी तैयारी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और युवाओं के लिए उपलब्ध सीमित खेल संसाधनों को सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से आग्रह किया कि राइफल क्लब मैदान को केवल खेल गतिविधियों के लिए ही सुरक्षित रखा जाए और यहां अन्य आयोजनों की अनुमति देने से पहले खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें