March 14, 2026 11:07 pm

संपत्ति विवाद में खूनी खेल: भाई ने ही भाई के परिवार पर बरसाईं लोहे की रॉड, चार लहूलुहान।

विनोद मिश्रा

बांदा। संपत्ति के विवाद ने ‘रिश्तों को तार-तार’ कर दिया। ‘खून के रिश्ते’ ही ‘खून के प्यासे’ बन बैठे और ‘मामूली कहासुनी’ ने देखते ही देखते ‘खूनी संघर्ष का रूप’ ले लिया। शहर के कटरा इलाके में एक भाई ने अपने परिजनों के साथ मिलकर दूसरे भाई के परिवार पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। इस सनसनीखेज हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में हुई, जहां दोनों भाइयों के बीच मकान और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक एक पक्ष के लोग लोहे की रॉड और डंडे लेकर दूसरे परिवार पर टूट पड़े। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में चार लोग बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े।घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग भी कुछ देर के लिए सहम गए। लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी हमला कर मौके से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ट्रामा सेंटर के ईएमओ डॉ. आकाश सचान ने बताया कि मारपीट में घायल चार लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए लाया गया था। घायलों के सिर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार डॉक्टरी परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद से फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें