कुमार गौरव
बांदा। जिला प्रशासन ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और घरेलू सिलेंडरों के अवैध उपयोग को रोकने के लिए गुरुवार को जिले के शहरी क्षेत्रों में आकस्मिक छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने विभिन्न रेस्तरां, होटल और गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया, जहाँ घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग एवं गैस वितरण में अनियमितताओं के मामले सामने आए।

जांच के दौरान साई दरबार रेस्तरां में 12 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें से 9 घरेलू और 3 व्यावसायिक श्रेणी के थे। स्पष्ट रूप से नियमों के उल्लंघन के तहत रेस्तरां द्वारा घरेलू गैस का उपयोग किए जाने की पुष्टि होने पर प्रशासन ने रेस्तरां संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।वहीं सारंग होटल, कृष्णा स्वीट्स, सिग्नेचर और राजदरबार रेस्तरां में भी टीम ने जांच की। यहां सभी सिलेंडर व्यावसायिक श्रेणी के पाए गए और न कोई घरेलू सिलेंडर बरामद हुआ, न ही कोई अनियमितता देखी गई। इन स्थापनाओं को नियमानुसार संचालित होने के कारण सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए।

गैस एजेंसियों के निरीक्षण में भी कई गड़बड़ियां सामने आईं। संकल्प गैस एजेंसी और आराधना इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण करते हुए प्रशासन ने एजेंसियों को गैस वितरण को त्वरित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।आराधना इंडेन गैस एजेंसी में उपस्थित नागरिकों ने शिकायत की कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिला। आरोप लगाया गया कि टोकन किसी अन्य व्यक्ति का जनरेट हुआ था और गैस सिलेंडर की डिलीवरी किसी और व्यक्ति को कर दी गई। ऑनलाइन रिपोर्ट और भौतिक रिकॉर्ड में भी अंतर पाया गया। प्रशासन ने इस मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है तथा एजेंसी संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी डॉ. निशा सिंह ने बताया कि जिले में आवश्यक वस्तुओं, पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। “जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है। यह जांच अनुचित लाभ उठाने वालों पर नकेल कसने के लिए की गई है,”।










