कुमार गौरव
बांदा। शहर के छाबी तालाब के पास एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। मंगलवार दोपहर अपने पिता से हुए विवाद के बाद घर से निकले भगवान दास (40 वर्ष) का शव अगले दिन कुएं में पाया गया।

परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे युवक और उसके पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकला और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पास के तालाब किनारे उसकी साइकिल और कपड़े पड़े मिले। इस संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान कुएं में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में चिंता की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन साइकिल और कपड़ों का अलग होना कई सवाल खड़े कर रहा है, इसलिए पुलिस हत्या की संभावना को भी पूरी तरह से खारिज नहीं कर रही। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है घटना स्थल, परिजनों के बयान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूतों को खंगाला जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज हादसा था या किसी की साजिश का हिस्सा।











