April 15, 2026 2:52 am

बांदा में ओलावृष्टि और बारिश से तबाही: कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की राज्यपाल से मदद की गुहार

कुमार गौरव

बांदा। जनपद में हाल ही में हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। रबी की तैयार फसलें बड़े पैमाने पर नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल को एक मांग पत्र सौंपा है। पत्र में कहा गया है कि लगातार कई बार हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। जहां ओले नहीं भी गिरे, वहां भी फसलें बार-बार भीगने से सड़ गई हैं और दाना खराब हो गया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से बांदा सहित पूरे बुंदेलखंड का किसान बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिकांश किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और वे गहरे सदमे में हैं। उनके सामने अब जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। मांग पत्र में राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि वे उत्तर प्रदेश सरकार को निर्देश दें कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और फसल नुकसान का सही आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही प्रत्येक गांव में अध्ययन दल भेजकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाए।

इसके अलावा यह भी मांग की गई है कि मुख्यमंत्री स्वयं बांदा सहित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की स्थिति का निरीक्षण करें। किसानों के सभी प्रकार के ऋण और बिजली बिल माफ किए जाएं तथा उन्हें पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें। इस पूरे मामले की जानकारी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी दी गई है। किसानों की बिगड़ती हालत को देखते हुए अब सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें