April 14, 2026 9:06 am

जिला अस्पताल बना जंग का मैदान, मारपीट का वीडियो वायरल, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल।

कुमार गौरव

बांदा। जिला अस्पताल में दवा वितरण कक्ष के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दवा लेने की लाइन में लगे लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, दवा काउंटर पर मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर लाइन तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। लाइन में खड़े अन्य लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग एक-दूसरे पर थप्पड़ बरसा रहे हैं। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने अस्पताल की भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि दवा वितरण काउंटर पर लाइन को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस घटना के बाद जिला अस्पताल की अव्यवस्थित भीड़, लाइन प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि रोजाना ऐसी अव्यवस्था बनी रहती है, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें