कुमार गौरव
बांदा। जिले के मंडी समिति के बाहर उस समय सनसनी फैल गई, जब घात लगाकर बैठे हमलावरों ने दो लोगों पर मिर्च पाउडर झोंककर बेरहमी से लाठी-डंडों और हॉकी से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से एक की स्थिति नाजुक देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया है।
घायल देवी सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त रफीक के साथ मंडी समिति के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान 4 से 5 अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे। हमलावर हॉकी, डंडे और तमंचों से लैस थे। आरोपी आते ही उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे वे देख नहीं पाए। इसके बाद हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और हॉकी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रफीक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया है।
हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना पुलिस चौकी से महज कुछ ही कदम की दूरी पर अंजाम दी गई,जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को दी गई तहरीर में पुरानी रंजिश को हमले का कारण बताया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी मेविश टॉक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “घायलों के बयानों और पुरानी रंजिश के बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”










