April 30, 2026 12:39 am

गेहूं क्रय केंद्रों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार

कुमार गौरव

बांदा। जनपद में गेहूं खरीद को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आज मंडी स्थल स्थित विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर मौजूद किसानों से मुलाकात कर क्रय प्रक्रिया,भुगतान और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। किसान द्वारा बताई गई समस्याओं को डीएम ने अत्यंत गंभीरता से लिया और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता प्राथमिकता होनी चाहिए।

डीएम अमित आसेरी ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र पर सत्यापन करने वाले कार्मिकों का नाम, उनका पद और मोबाइल नंबर का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए। इससे किसानों को अपने कार्यों के लिए संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में आसानी होगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टोकन प्रणाली को पूरी तरह सुव्यवस्थित किया जाए ताकि किसानों को अपनी बारी के लिए अनावश्यक रूप से घंटों इंतजार न करना पड़े। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (प्रशिक्षु) रेखा सियाक सहित जिले के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के इस दौरे से क्रय केंद्रों पर हड़कंप की स्थिति रही और व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें