विनोद मिश्रा
बांदा। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बुधवार को जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत परखी। डीएम के अचानक पहुंचते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम अमित आसेरी ने अस्पताल के वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से इलाज, दवाओं की उपलब्धता और मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। साथ ही चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार दिया जाए।

डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति देखी और दवाओं की उपलब्धता का स्टॉक जांचा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों और उनके तीमारदारों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जाए।

डीएम अमित आसेरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।











