कुमार गौरव
बांदा। डीएम अमित आसेरी की अध्यक्षता में नगर निकायों एवं नगर पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हुई। विकास कार्यों की प्रगति पर डीएम नें असंतोष जताया। अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

वन्दन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का एई और जेई द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नाली, सीसी रोड सहित अन्य निर्माण कार्यों को 31 मई तक हर हाल में पूरा करने को कहा। गृह कर निर्धारण एवं वसूली की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि कमर्शियल और सामान्य गृहकर की अलग-अलग वसूली की जाए और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही वसूली कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।

सीवेज एवं जल निकासी व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने वर्षा से पहले सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री वैश्विक नवोदय योजना के अंतर्गत पार्कों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया। पेयजल संकट से निपटने के लिए आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिशाषी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं की प्रगति धीमी पाए जाने पर मैनपावर बढ़ाकर कार्य पूरे करें, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के कार्यों को भी तेज गति से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। फैमिली आईडी निर्माण कार्य की समीक्षा में तेजी लाने और रैंडम चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडरों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए टीम गठित कर सर्वेक्षण कराने और अधिक से अधिक वेंडरों को लाभान्वित करने को कहा गया। जन्म-मृत्यु पंजीकरण के मामलों को समयबद्ध ढंग से निपटाने और सिटीजन फीडबैक बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र, नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











