कुमार गौरव
बांदा। जनपद बांदा में अवैध गुटखा निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी कर नकली एवं अपमिश्रित गुटखा बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बाबूलाल पुत्र मधुसूदन निवासी रब्बानिया नगर, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, सूचना प्राप्त हुई थी कि बाबूलाल अपने मकान में अवैध रूप से नकली गुटखा तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी के घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में गुटखा बनाने की सामग्री बरामद की गई तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। वह तैयार गुटखा को विभिन्न क्षेत्रों में बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि गुटखा निर्माण में प्रयुक्त मशीन कुछ समय पहले शॉर्ट सर्किट के कारण जल गई थी, जिसे उसने कबाड़ में बेच दिया। वर्तमान में वह नई मशीन लगाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 175.5 किलोग्राम सुपारी, 68 किलोग्राम तंबाकू, 69 किलोग्राम निर्मित अपमिश्रित गुटखा तथा विभिन्न कंपनियों के 35.5 किलोग्राम पाउच बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी बाबूलाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नकली और अवैध खाद्य पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










