कुमार गौरव
बांदा। बबेरू कस्बे में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजकिशोर मिश्रा के खिलाफ पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के लगभग एक माह बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, तिंदवारी रोड निवासी स्टांप विक्रेता राजकिशोर मिश्रा ने 10 मई 2026 को संपत्ति बंटवारे के विवाद में अपनी मां शांति देवी और छोटे भाई देवीदीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने 18 मई 2026 को आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। वारंट की तामील के दौरान आरोपी के अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपी के लगातार फरार रहने पर न्यायालय ने 30 मई 2026 को उसके विरुद्ध कुर्की नोटिस जारी किया। न्यायालय के आदेश के बाद बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के आवास पहुंची और कुर्की की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने गांव में मुनादी कराकर स्थानीय लोगों को न्यायालय की कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही आरोपी के घर के बाहर कुर्की नोटिस भी चस्पा किया गया।

पुलिस द्वारा सार्वजनिक रूप से यह घोषणा की गई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि राजकिशोर मिश्रा न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है या आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसकी चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। वहीं मृतका शांति देवी और देवीदीन के परिजनों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।











