September 13, 2026 10:09 am

बांदा में स्वास्थ्य विभाग के जीपीएफ खातों में 35 लाख का खेल: आडिट में फंसा नेत्र परीक्षक

शरद मिश्रा

बांदा। स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में 35 लाख रुपये की बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। प्रयागराज से आई लेखा विभाग की दो सदस्यीय ऑडिट टीम ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों की सघन जांच की। इस दौरान तिंदवारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आप्टोमेट्रिस्ट देवेंद्र कुमार के जीपीएफ खाते में गंभीर गड़बड़ी पकड़ी गई।

जांच में सामने आया कि संबंधित कर्मचारी ने अपने जीपीएफ खाते में जमा वास्तविक धनराशि से अधिक रकम दर्शाकर लोन लिया है। यही नहीं, पूर्व में खाते से निकाली गई धनराशि की कटौती को भी अभिलेखों में नहीं दिखाया गया, जो वित्तीय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। ऑडिट टीम कई अन्य कर्मचारियों के जीपीएफ और लोन से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों को जांच और मिलान के लिए अपने साथ प्रयागराज ले गई है। वहां अभिलेखों का मिलान होने के बाद ही पूरे घोटाले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चित्रकूटधाम मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अभय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच पूरी हुई है, रिपोर्ट आने पर आगे की स्थिति साफ होगी। वहीं, ऑडिट टीम ने आरोपी आप्टोमेट्रिस्ट के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है और सीएमओ को अधिक निकाली गई रकम की रिकवरी के साथ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें