May 16, 2026 11:23 pm

बांदा में 16 लाख का घोटाला: प्रधान एवं सचिवों पर हुई एफआईआर।

कुमार गौरव

बांदा। जिले के पैलानी तहसील के सबादा गांव में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि ग्राम प्रधान सहरुद्दीन और दो सचिवों ने मिलकर सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण जैसे कार्यों का कागजों में भुगतान दिखाकर ग्राम पंचायत के खाते से करीब 16 लाख रुपये निकाल लिए, जबकि जमीन पर कोई कार्य नहीं कराया गया।

शिकायतकर्ता शफक्कत खां ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान और सचिवों ने मिलकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत में आरसीसी रोड, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए हैं,जबकि धरातल पर कोई निर्माण नहीं हुआ।

शिकायतकर्ता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पैलानी में ग्राम प्रधान सहरुद्दीन,तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी शिवविधान गुप्ता और आनंद मोहन शर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

ग्राम प्रधान सहरुद्दीन ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पंचायत को श्रेष्ठ विकास कार्यों के लिए पुरस्कार भी मिल चुका है और जिन कार्यों के न होने का आरोप लगाया गया है, वे मौके पर पूरे करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत उनके विरुद्ध झूठी शिकायत कराई गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें