कुमार गौरव
बांदा। सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। विधायक प्रकाश द्विवेदी ने एक बार फिर आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए रविवार को दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। विधायक प्रकाश ने अपने विकास कार्यों की लगातार चल रही पारी में एक बार फिर इतिहास रचा है। उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

पहली परियोजना के तहत खुरहण्ड रेलवे स्टेशन से जमरेही होते हुए बांदा-बिसण्डा मार्ग तक 8.50 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का भूमि पूजन किया गया। इस परियोजना की कुल लागत 1,809.58 लाख रुपये आंकी गई है। पहले चरण के लिए पहले ही 176.80 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। मौजूदा 3 मीटर चौड़ी सड़क को 5.50 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे इस मार्ग पर यातायात में आसानी होगी। इस सड़क के निर्माण से खुरहण्ड, जमरेही, झठरी, राधाकृष्णनगर और अन्य कई ग्रामीण बस्तियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह क्षेत्र के आर्थिक विकास और शहर-ग्राम के बीच संपर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना गोहडिया की पुलिया से देवी मंदिर होते हुए स्योढ़ा घाट तक बनने वाले संपर्क मार्ग की है। इसकी कुल लागत 457.25 लाख रुपये अनुमानित है। इस मार्ग से न केवल ग्रामीणों के आवागमन में सुगमता आएगी, बल्कि स्योढ़ा घाट जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थल तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।

इस अवसर पर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा,”मैं क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा हूं। बेहतर सड़क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मेरी प्राथमिकताएं हैं।” उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की रीढ़ होती हैं। यह परियोजनाएं उसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी इसी तरह की विकास परियोजनाएं क्षेत्र में लाई जाएंगी।











