कुमार गौरव
बाँदा। भारतीय जनता पार्टी का 44 वां स्थापना दिवस उत्साह, उल्लास और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के ध्वजारोहण के साथ-साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर पार्टी के संस्थापक महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा,”भाजपा की आज की सफलता उन असंख्य कार्यकर्ताओं के तप,त्याग और निष्ठा का फल है,जिन्होंने इस संगठन को एक वट वृक्ष की तरह खड़ा किया है,जो नये भारत की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करता है।” उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी संकल्प,पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ दर्शन और अटल बिहारी वाजपेयी की सार्वजनिक नेतृत्व शैली ने भाजपा को एक ऐसे मूल्य-आधारित राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है,जहाँ राष्ट्र ही सर्वोपरि है।

विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं,बल्कि उन महान आत्माओं को नमन करने का दिन है, जिनके कारण आज भाजपा एक राष्ट्रीय शक्ति बनी है। “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने जीवन की आहुति देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास का अधिकार दिलाया। ये ही भाजपा के नींव हैं।” जिला प्रभारी श्री रामकिशोर साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, नाना जी देशमुख, विजयाराजे सिंधिया और लालकृष्ण आडवानी जैसे महान नेताओं के संघर्ष और समर्पण ने इस संगठन को एक वट वृक्ष की तरह मजबूत बनाया है। “हमें उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए।” नरैनी के विधायक ओम मणि वर्मा,पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल और महामंत्री निखिल सक्सेना ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा आज सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और संस्कार के संकल्प का प्रतीक है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया,जिन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए निष्ठापूर्वक काम किया। सम्मानित कार्यकर्ताओं में संतोष गुप्ता, जगराम सिंह, अशोक त्रिपाठी (जीतू),अखिलेश श्रीवास्तव, लवलेश सिंह, मालती बासू,चंद्रपाल कुशवाहा, वंदना गुप्ता, ममता मिश्रा, उत्तम सक्सेना, रजत सेठ और अंकित बासू शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने भाजपा के संकल्प पत्र का वाचन किया और नये भारत के निर्माण के लिए अपना समर्पण दोहराया।











