April 29, 2026 6:39 am

शादी की खुशियों से मातम तक, भाई-बहन की मौत से मचा कोहराम, घर में उठीं दो अर्थियां।

कुमार गौरव

बांदा। एक पल पहले तक जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं अगले ही पल चीख-पुकार और मातम ने सब कुछ बदल दिया। नरैनी कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया। स्कॉर्पियो और बुलेट की आमने-सामने टक्कर में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

बरुआ कालिंजर निवासी 24 वर्षीय अजय राजपूत अपनी 20 वर्षीय मौसेरी बहन प्रभा राजपूत और उसके पति राकेश (23) निवासी नंदनवारा के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। अतर्रा क्षेत्र के लोधन पुरवा में आयोजित शादी में शामिल होकर तीनों हंसी-खुशी घर लौट रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। जैसे ही उनकी बुलेट मोटरसाइकिल पड़मई गांव के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्कॉर्पियो पलटकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी।

आसपास के लोग हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। प्रभा और राकेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान प्रभा ने भी दम तोड़ दिया।इस हादसे ने परिवार को अंदर तक तोड़ दिया है। एक ही परिवार से भाई-बहन की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। घर में एक साथ दो मौतों से कोहराम मचा है हर आंख नम है, हर दिल दुखी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप तिवारी के अनुसार, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें