संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की उमड़ी भीड़, डीएम अमित आसेरी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

कुमार गौरव

बांदा। जनपद की तहसील पैलानी में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 67 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व, विकास, विद्युत और आपूर्ति विभाग से संबंधित थीं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो शिकायतें लंबित हैं, उनका निस्तारण उनके तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए। दिवस के दौरान एक दिव्यांग फरियादी ने आवास और शौचालय के लिए आवेदन किया, जिस पर डीएम ने तत्काल खण्ड विकास अधिकारी (जसपुरा) को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम अमलोर में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा निलंबन के बाद भी चार्ज न सौंपने और विद्यालय बंद रखे जाने की शिकायत को जिलाधिकारी ने अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पडेरी के निवासी ने ग्राम में आरआरसी सेंटर के निर्माण की मांग की, जिस पर जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रभावी कार्रवाई के लिए कहा गया। वहीं, एक अन्य फरियादी द्वारा आधार लिंक न होने के कारण किसान सम्मान निधि न मिलने की समस्या पर उपनिदेशक कृषि को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, पैलानी में व्याप्त गंदगी को दूर करने के लिए अभियान चलाने और तिंदवारी व जसपुरा के बीडीओ को ‘फार्मर रजिस्ट्री’ के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने भी पुलिस विभाग से संबंधित जन शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी अंकित कुमार, तहसीलदार पैलानी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें