May 30, 2026 3:01 pm

सांसद कृष्णा पटेल पर संकट: निष्क्रियता से पार्टी में भूचाल, अपनों ने ही फूंका बिगुल

विनोद मिश्रा

बांदा। बांदा-चित्रकूट सांसद कृष्णा पटेल की निष्क्रियता अब सपा के लिए गले की फांस बन गई है। संसदीय क्षेत्र में विकास के दावे हवा हो गए और पार्टी के अंदर नाराजगी आग बनकर भड़क उठी है!हाल यह है कि जनता के साथ अब अपने ही कार्यकर्ता सांसद को ‘सबसे निष्क्रिय सांसद’ का तमगा दे रहे हैं!

सपा के कद्दावर नेता अशोक पांडे ने सांसद के खिलाफ सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने लिखा कि क्या आप सिर्फ अपनी बिरादरी के वोटों से सांसद बनी हैं। बाकी जातियों से कोई लेना देना नहीं। विकास कार्यों की फरियाद लेकर आने वाले पार्टी जनों तक की अनसुनी हो रही है। इस पोस्ट ने पार्टी में हलचल मचा दी है। सपा नेता अशोक पांडे ने निष्क्रियता की पोल खोलते हुए कहा कि आपके बबेरू और अतर्रा प्रतिनिधि को दो वर्ष से तीन सौ मीटर सड़क के लिए लिखित दे रहा हूं,पर सुनवाई शून्य है। जब संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की यह हालत है तो आम जनता की कौन सुनेगा। सांसद की चुप्पी से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है।

कृष्णा पटेल के खिलाफ नाराजगी इस कदर बढ़ गई है कि अशोक पांडे ने साफ कह दिया कि सांसद की कार्यशैली की शिकायत अब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी सूत्रों की मानें तो कई और स्थानीय नेता भी अंदरखाने सांसद से खफा हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली सांसद कृष्णा पटेल के काम का खाता अब तक नहीं खुला है। सड़क, पानी, रोजगार हर मुद्दे पर जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। जन चर्चा है कि संसदीय क्षेत्र ने आज तक इतना निष्क्रिय सांसद नहीं देखा। फिलहाल सांसद कृष्ण पटेल खेमे से चुप्पी है,मगर पार्टी के अंदर सुलग रही यह चिंगारी आने वाले दिनों में बड़ा सियासी बवंडर ला सकती है। 2027 से पहले सपा को घर संभालना भारी पड़ रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें