May 30, 2026 3:02 pm

तिंदवारी सीट:विकास के दम पर मंत्री रामकेश मजबूत, जनाधार के सहारे पूर्व विधायक दलजीत की दावेदारी

विनोद मिश्रा

बांदा। जिले की बीआईपी मानी जाने वाली तिंदवारी विधानसभा सीट पर भाजपा में टिकट को लेकर सबसे बड़ी टक्कर मंत्री रामकेश निषाद और पूर्व विधायक दलजीत सिंह के बीच मानी जा रही है। दोनों नेता अपने-अपने दम पर मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।

तिंदवारी से मौजूदा विधायक और प्रदेश सरकार में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में तिंदवारी क्षेत्र में विकास कार्यों की लंबी लकीर खींची है। सड़क, बिजली, पानी से लेकर हर क्षेत्र में काम कराकर जनता में अति लोकप्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी के साथ ही प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन के भी चहेते होने के कारण इस सीट पर उनके पैर अंगद की तरह जमे माने जाते हैं। भाजपा सूत्रों की मानें तो विकास छवि और संगठन में पकड़ के चलते उनको पुनः टिकट मिलना सुनिश्चित सा है।

दूसरी तरफ क्षत्रिय बिरादरी से पूर्व विधायक दलजीत सिंह का नाम सबसे भारी है। अपने समाज में मजबूत पकड़ के साथ ही वह अन्य समाज में भी अपनी लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं। जनमानस के राजनीतिक दुलारे कहे जाते हैं। क्षत्रिय बिरादरी में जन लोकप्रियता के मामले में दलजीत सिंह को टक्कर देते उनकी बिरादरी में कोई अन्य नहीं दिखता। समर्थकों का मानना है कि अगर जातीय समीकरण को साधना है तो दलजीत सिंह सबसे मजबूत चेहरा हैं।

तिंदवारी सीट पर अब लड़ाई विकास बनाम जातीय समीकरण की हो गई है। एक तरफ मंत्री रामकेश निषाद की विकास की छवि और संगठन में पकड़ है। दूसरी तरफ पूर्व विधायक दलजीत सिंह का जातीय जनाधार और जनता में लोकप्रियता है। हालांकि दिलीप सिंह, रामकरण सिंह बच्चन एवं भरत सिंह भी क्षत्रिय समाज से दावेदारी की रेस में हैं,लेकिन जन चर्चा में असली मुकाबला रामकेश और दलजीत के बीच ही माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें