May 31, 2026 12:08 am

अंकित बासू मसीहा वाले अंदाज से बना रहे सियासी मैदान’: विरोधियों में टेंशन।

विनोद मिश्रा

बाँदा। नगर पालिका की सियासत में नया चेहरा नहीं, बल्कि नया अंदाज चर्चा में है। पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू ‘गरीबों के मसीहा’ की छवि के साथ सियासी जमीन मजबूत कर रहे हैं। मजलूमों की जुबां पर चढ़ा उनका नाम अब सियासी गलियारों में भी गूंज रहा है। विरोधी खेमे में हलचल तेज है।

शनिवार को वार्ड 12 के नूनिया मोहल्ला में तूफान से क्षतिग्रस्त मकान का हाल जानने अंकित बासू खुद पहुंचे। शांति सोनकर के टूटे आशियाने में खड़े होकर उन्होंने सिर्फ भरोसा नहीं दिया, मौके से अधिकारियों को फोन भी घुमा दिया। सियासी जानकार इसे ‘डायरेक्ट कनेक्ट’ की रणनीति बता रहे हैं। फाइलों से ज्यादा फील्ड में दिखने का फार्मूला अपनाये हैं। मौके पर अंकित बासू का बयान भी सियासी लिहाज से अहम रहा। बोले, ‘जनसेवा ही हमारा दायित्व है। हर सुख-दुख में नगरवासियों के साथ खड़े रहना प्राथमिकता है।’ यह लाइन अब उनके समर्थकों की जुबां पर नारा बन चुकी है। पोस्टर से पहले लोगों के दिलों में जगह बनाने की कोशिश साफ दिखती है।

सियासी पंडित मानते हैं कि मरही माता मंदिर के पीछे का नूनिया मोहल्ला हमेशा से उपेक्षित रहा है। यहां दस्तक देकर अंकित बासू ने वंचित वर्ग को सीधा संदेश दिया है। यह वोटबैंक की सियासत में मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। ‘मजलूमों की जुबां पर एक ही नाम अंकित बासू’ वाली चर्चा अब बूथ लेवल तक पहुंच रही है। पालिका बोर्ड में पहले भी प्रतिनिधि रहे हैं, पर फील्ड पर इस तरह एक्टिव होना नया ट्रेंड है। पुराने नेताओं की ‘दफ्तर वाली सियासत’ के सामने अंकित बासू का ‘दरवाजे वाली सियासत’ मॉडल खड़ा हो गया है। चर्चा यह भी है कि 2027 के विधानसभा समीकरण अभी से साधे जा रहे हैं।

शांति सोनकर के परिवार को मदद का भरोसा देकर लौटे अंकित बासू के चेहरे पर सियासी आत्मविश्वास साफ दिखा। समर्थक कह रहे हैं कि यह सिर्फ शुरुआत है। गरीब बस्तियों, तूफान पीड़ितों, बीमार लोगों के बीच पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। बांदा की सियासत में ‘मसीहा’ वाला टैग अब तक किसी नेता को नहीं मिला। अंकित बासू अगर इसी अंदाज में जमीन पर डटे रहे तो आने वाले दिनों में पालिका से लेकर विस तक की सियासत में बड़ा फैक्टर बन सकते हैं। फिलहाल गेंद उनके पाले में है और नजरें उनके अगले कदम पर।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें