May 30, 2026 7:30 pm

चोरी का खुलासा न होने पर विधायक विशंभर नें खोला मोर्चा: एसपी नें एक सप्ताह में खुलासे का दिया आश्वासन।

विनोद मिश्रा

बाँदा। बाबा तालाब में 5 मई की रात हुई लाखों की चोरी का 25 दिन बाद भी खुलासा न होने पर विधायक विशंभर सिंह यादव ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ एसपी पलाश बंसल से मिलकर उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी को एक सप्ताह में खुलासे का सख्त आश्वासन दिया है।

विधायक विशंभर सिंह यादव ने एसपी को बताया कि 5 मई को जगदीश सिंह यादव के घर हुई चोरी में पीड़ित परिवार इंसाफ के लिए भटक रहा है। एफआईआर, फिंगरप्रिंट, सर्विलांस सब हो चुका, पर 25 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। आसपास की सीडीआर तक नहीं खंगाली गई। हिस्ट्रीशीटरों के नाम देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों का दर्द सुनने के बाद एसपी पलाश बंसल ने तत्काल एक्शन लिया। केस की जिम्मेदारी अब एसओजी टीम को दी गई है। एसपी ने एसओजी को एक सप्ताह में हर हाल में चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी ने साफ कहा कि जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक ने एसपी को बताया कि बाबा तालाब की वारदात के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। लोग रात में घर छोड़कर शादी-समारोह में जाने से कतरा रहे हैं। पुलिस की नाकामी से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। विधायक विशंभर सिंह यादव के साथ सपा नेता अशोक सिंह गौर, इम्तियाज अली, पीयूष गुप्ता और भूपत यादव एसपी से मिलने पहुंचे। सभी ने जल्द खुलासे और माल बरामदगी की मांग उठाई। एसपी के आश्वासन के बाद अब सबकी नजर एसओजी की कार्रवाई पर टिकी है। 25 दिन से इंसाफ का इंतजार कर रहे पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि एक सप्ताह में उनके घर का सन्नाटा टूटेगा और चोर सलाखों के पीछे होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें