कुमार गौरव
बांदा। सुबह तक जिस घर में रोजमर्रा की जिंदगी सामान्य थी, शाम होते-होते वहां चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा पसर गया। मरका कस्बे में घरेलू विवाद के बाद पति-पत्नी के यमुना नदी में छलांग लगाने की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मरका निवासी रामलखन (35) रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली में मजदूरी करता था। सोमवार सुबह वह कई दिनों बाद घर लौटा था। परिजनों को उम्मीद थी कि परिवार के साथ कुछ सुकून के पल बितेंगे, लेकिन शाम तक हालात इतने बिगड़ गए कि एक मामूली पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों घर से निकले और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर यमुना नदी पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते दोनों ने नदी में छलांग लगा दी। कुछ ही पलों में यमुना की तेज धार में दोनों जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल मरका पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर दोनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने सीमा उर्फ दीपिका (30) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रामलखन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।










