कुमार गौरव
बांदा। समाजवादी पार्टी के बिजली खेड़ा स्थित कार्यालय में शनिवार को समाज सुधारक एवं संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती का आयोजन भव्य तरीके से किया गया। कार्यक्रम में संत गाडगे जी महाराज के जीवन, सिद्धांतों और सामाजिक योगदान पर गहन चर्चा की गई तथा उनके संदेशों को आज के संदर्भ में प्रासंगिक बताया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा ने की। उन्होंने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवनकाल में स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक समानता के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया। उनका जीवन सादगी और त्याग का उदाहरण है।
नरैनी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी भरत लाल दिवाकर ने अपने संबोधन में संत गाडगे जी को एक महान समाज सुधारक और जन चेतना का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा, “गाडगे बाबा ने न केवल झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि इसे एक आंदोलन बना दिया। उनका जीवन शैली और चरित्र हर नागरिक के लिए अनुकरणीय है।” उन्होंने उनके शिक्षा एवं समाज सुधार पर बल देने के दृष्टिकोण को विशेष रूप से रेखांकित किया।
कार्यक्रम में लोकसभा प्रभारी उमेश यादव, जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता प्रमोद गुप्ता राजा, जिला सचिव कुदरत उल्ला, बांदा विधानसभा अध्यक्ष लालमन यादव, दिनेश अनुरागी, आर.के. समुद्र, अजय निषाद, विवेक यादव, वरिष्ठ नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, दिवाकर खंगार, रज्जन कुशवाहा, योगेन्द्र प्रजापति, छोटे लाल दिवाकर, पंकज यादव, अमर कुशवाहा, अंकित दिवाकर, राजाराम वर्मा, अटल बिहारी पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे। सभी ने संत गाडगे बाबा के सिद्धांतों पर आधारित सामाजिक बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि आज के समय में भी उनके विचारों को अपनाकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी के जिला नेता नन्द किशोर यादव ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में संत गाडगे बाबा के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उनके सामाजिक संदेशों को आगे बढ़ाने की प्रतिज्ञा की गई।











