March 3, 2026 4:11 pm

होली से पहले अवैध शराब के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई, 400 किलो महुआ लहन नष्ट

कुमार गौरव

बांदा। होली के पावन त्योहार से पहले अवैध शराब के निर्माण और वितरण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतर्रा क्षेत्र के बदौसा थाना अंतर्गत बाघे नदी के कछार क्षेत्र में छिपाई गई लगभग 400 किलोग्राम महुआ लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी। यह संयुक्त अभियान आबकारी विभाग और पुलिस की टीम द्वारा चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक, उपजिलाधिकारी/तहसीलदार अतर्रा और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने केवटनपुरवा व केवटरा गांवों में जबरदस्त दबिश दी। टीम ने नदी किनारे स्थित एक दर्जन से अधिक घरों, खेतों, झाड़ियों और जंगली इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेतों में प्लास्टिक के डिब्बों में छिपाकर रखी गई महुआ लहन बरामद हुई। महुआ लहन का उपयोग अक्सर कच्ची या घरेलू शराब बनाने के लिए किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। बरामद किए गए सामग्री को तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके। जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया, “हम किसी भी कीमत पर अवैध शराब के उत्पादन और वितरण को फलने-फूलने नहीं देंगे। नियमित रूप से टीमें गठित कर दबिश जारी है, खासकर त्योहारों के समय।” इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक संदीप नाथ त्रिपाठी, राजकुमार यादव, नायब तहसीलदार राजीव कुमार यादव, उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक राम नारायण सरोज सहित आबकारी व प्रशासन के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रशासन की इस कार्रवाई को जनता द्वारा सराहना की जा रही है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां अक्सर अवैध शराब के कारण स्वास्थ्य संकट उत्पन्न होता है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाई जा सके। होली जैसे प्रमुख त्योहार के मद्देनजर प्रशासन ने अवैध नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाइयों की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें