कुमार गौरव
बांदा। रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित भव्य शोभा यात्रा में जनता के बीच खास उत्साह और धार्मिक जोश देखने को मिला। इस यात्रा में विधायक प्रकाश दिवेदी ने परंपरागत परशुराम अवतार में फरसा धारी रूप में शामिल होकर सभी का ध्यान खींचा। विधायक दिवेदी पूर्ण रूप से फरसाधारी परशुराम के रूप में सजे हुए थे,जिसके बाद पूरे जिले में उनके इस अनूठे अंदाज़ की चर्चा छा गई। यात्रा के दौरान ‘जय श्रीराम’ के साथ-साथ ‘जय परशुराम’ के गगनभेदी नारे शहर के हर कोने में गूंजते रहे। विधायक दिवेदी ने अपने हाथ में फरसा लिए हुए, भक्तों के बीच खड़े होकर आशीर्वाद दिया और पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकित बासू के साथ मिलकर प्रसाद का वितरण भी किया। इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी भी यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ जुलूस के साथ चले।

विधायक प्रकाश दिवेदी ने इस शोभा यात्रा की तैयारियों को लेकर तीन दिन पहले ही समीक्षा बैठक की थी। उनकी सक्रिय भूमिका और पहल के कारण इस वर्ष रामनवमी का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य और संगठित रहा। शहर को भगवा झंडियों, रंगीन झंडों और सुंदर स्वागत द्वारों से सजाया गया था, जिससे यात्रा की भव्यता में और भी चार चांद लग गए।

दोपहर बाद रामलीला ग्राउंड से प्रारंभ हुई यह शोभा यात्रा स्टेशन रोड, अलीगंज चौकी, अमर टाकीज, चौक बाजार, कोतवाली रोड, झंडा चौराहा और बलखंडी नाका होते हुए देर शाम तक चली। शहर के लगभग दो सौ से अधिक स्थानीय संस्थाओं और समुदायों ने अपनी झांकियों के माध्यम से रामकथा के विभिन्न प्रसंगों को चित्रित किया। युवाओं ने विशेष रूप से सांस्कृतिक उत्साह को आगे बढ़ाते हुए ‘घर-घर भगवा छाएगा, फिर रामराज आएगा’, ‘जय श्री राम’,‘जय परशुराम’ और अन्य धार्मिक नारों के साथ यात्रा को जोश से भर दिया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे।











