कुमार गौरव
बांदा। जनपद के बदौसा थाना क्षेत्र के गांव हड़हामाफी में एक 21 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर के कच्चे कमरे में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक का नाम शिवविलास वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, है। घटना के बाद से पूरे परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने इसे आत्महत्या न मानकर हत्या का आरोप लगाया है। शिवविलास के छोटे भाई दादूराम वर्मा ने बताया कि उनका भाई लगभग एक सप्ताह पहले बैंगलोर से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के उद्देश्य से गांव आया था। इसके लिए उसे परिवार की ओर से 5000 रुपये भी दिए गए थे। लेकिन उसके आधार कार्ड से मोबाइल नंबर न जुड़े होने के कारण लाइसेंस बनाने में दिक्कत आ रही थी। शनिवार रात तक वह सामान्य रूप से बातचीत कर रहा था।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार,बीती रात शिवविलास अपने चाचा के घर से मोबाइल चार्जर लेने गया था। रविवार सुबह चाचा का पुत्र लवकुश उसके घर चार्जर लेने पहुंचा। जब उसने दरवाजा खटखटाया,तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा अंदर से बंद था। खंडहर के रास्ते से झांककर देखने पर लवकुश ने शिवविलास को कमरे में साड़ी के फंदे से लटका देखा। उसने पिता को सूचना दी,जिसके बाद परिवार घटनास्थल पर पहुंचा।

परिवार ने घटना को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। एक महत्वपूर्ण बात यह है कि शव को साड़ी से ढका हुआ पाया गया था। परिजनों का कहना है कि यदि यह आत्महत्या होती, तो शिवविलास अपने शव को ढकने क्यों आता? इस बात को लेकर वे मानते हैं कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शिवविलास की हत्या कर उसके शव को साड़ी में लपेटकर फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का दृश्य बनाने का प्रयास किया । मृतक की बहनें सीमा और सपना ने कहा, “हमारे भाई की हत्या कर दी गई है। उसने कभी मानसिक तनाव की बात नहीं की थी। शिवविलास के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसके दो बड़े भाई, दो विवाहित बहनें और एक छोटी बहन हैं।
थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन परिवार के संदेह को गंभीरता से लेते हुए पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट के मुताबिक कार्य करेंगी।











