कुमार गौरव
बांदा। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकित बासू नगर विकास के महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को गतिशील बनाने में पूर्णतः सक्रिय हैं। वे समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों की पूर्णता के लिए अपने संकल्प को पूरा करने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में अंकित बासू ने गुरुवार को नगर के वार्ड 1 बिजलीखेड़ा तथा वार्ड 31 इंद्रा नगर का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से मुखातिब होकर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान अंकित बासू ने स्थल पर चल रहे सीसी रोड निर्माण तथा नाला निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदाताओं और ठेकेदारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, वार्डवासियों के सामने आ रही समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन देते हुए कहा कि नगर पालिका प्रशासन के साथ मिलकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अंकित बासू ने कहा, “नगर के विकास में नागरिकों की भागीदारी और उनकी आवाज़ को सुनना सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम न केवल निर्माण कार्यों की गति पर ध्यान दे रहे हैं, बल्कि इस बात का भी ख्याल रख रहे हैं कि कार्यों की गुणवत्ता को कोई कमजोरी न आए।” उन्होंने बिजलीखेड़ा और इंद्रा नगर में चल रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्रशासन और ठेकेदारों के साथ समन्वय बढ़ाने की बात कही। स्थानीय निवासियों ने अंकित बासू के इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे निरीक्षणों से नागरिकों के प्रति पालिका प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है। नगर पालिका सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में अन्य वार्डों में भी इसी तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि बांदा नगर के सभी क्षेत्रों में विकास की लहर का लाभ समान रूप से मिल सके।











