कुमार गौरव
बांदा। तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर एक बड़ी पहल सामने आई है। बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत करीब 12.55 करोड़ रुपये की लागत से पांच महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों का निर्माण और सुधार कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।राज्यमंत्री रामकेश निषाद के प्रयासों से स्वीकृत इस योजना में विभिन्न मार्गों को शामिल किया गया है। भुजरख से मवई बलिदाद तक सड़क निर्माण पर लगभग 3.09 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं गुगौली से बदरहा बाबा होते हुए पलरा तक मार्ग के निर्माण पर 2.14 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा खैराडा से बंशीपुर मार्ग के लिए 2.19 करोड़ रुपये की लागत तय की गई है। पचनेही गांव से एयरटेल टावर होते हुए बांदा-तिंदवारी-फतेहपुर मार्ग तक सड़क निर्माण पर करीब 1.95 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं आबादी से गरौती संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 1.18 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।











