April 15, 2026 4:02 am

सपा विधायक विशम्भर सिंह यादव ने उठाया ग्रामीणों का मुद्दा: पल्हरी में आवास योजना को लेकर धरना जारी

कुमार गौरव

बाँदा। बबेरू विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पल्हरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। बीते कई महीनों से अपने हक की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे ग्रामीणों का अनशन लगातार जारी है, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस पूरे मामले को अब क्षेत्रीय विधायक विशम्भर सिंह यादव ने भी गंभीरता से उठाते हुए शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

विधायक विशंभर नें स्वयं धरना भी दिया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया। आरोप लगाया है कि योजना के क्रियान्वयन में भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार है। कहा कि जिन लोगों को वास्तव में इस योजना का लाभ मिलना चाहिए था,वे अब भी वंचित हैं, जबकि अपात्र लोगों को लाभार्थी सूची में शामिल कर लिया गया है। यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों के साथ अन्याय है। गौरतलब है कि पल्हरी ग्राम पंचायत के ग्रामीण 17 फरवरी 26 से तहसील परिसर में क्रमिक अनशन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत किए गए सर्वे में पारदर्शिता का अभाव रहा है। कई पात्र परिवारों का सर्वे तक नहीं किया गया,जबकि प्रभावशाली लोगों के नाम सूची में जोड़ दिए गए। बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। ग्रामीणों के इस संघर्ष को समर्थन देते हुए विधायक विशम्भर सिंह यादव एक दिवसीय धरना भी दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पात्र लाभार्थियों को उनका हक नहीं मिल जाता,तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिन लोगों का सर्वे नहीं हुआ है, उनका तुरंत पुनः सर्वे कराकर सही सूची तैयार की जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें