April 15, 2026 12:21 am

टीबी से तड़पते बुजुर्ग ने केन नदी में कूदकर दी जान: घटनास्थल पर एक शराबी ने भी किया था आत्महत्या का प्रयास

कुमार गौरव

बांदा। जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के भूरेड़ी गांव निवासी 66 वर्षीय रामशरण निषाद ने सोमवार देर शाम केन नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना भूरागढ़ पुल के निकट हुई। पुलिस ने शव को नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, रामशरण निषाद पुत्र भैरम सोमवार शाम को अचानक भूरागढ़ स्थित केन नदी के पुल पर पहुंच गए। वहां कुछ देर ठहरने के बाद उन्होंने अचानक पुल से नीचे नदी में छलांग लगा दी। घटना को राहगीरों ने देख लिया और तुरंत भूरागढ़ चौकी इंचार्ज आनंद साहू को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज आनंद साहू पुलिस बल और गोताखोरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से रामशरण को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रामशरण टीबी (तपेदिक) रोग से काफी समय से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके पुत्र मनीराम निषाद ने बताया, “पिताजी बीमारी के कारण मानसिक रूप से बहुत तनाव में थे। उन्होंने पहले भी तीन बार नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया था, लेकिन हर बार राहगीरों ने उन्हें बचा लिया था। इस बार दुर्भाग्य से कोई वहां नहीं था, जिससे वह बच सकते।”

उल्लेखनीय है कि जब पुलिस रामशरण के शव को नदी से निकालकर पुल पर ला रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति जो शराब के नशे में धुत था, अचानक वहां पहुंच गया और नदी में कूदने का प्रयास करने लगा। चौकी इंचार्ज आनंद साहू ने तत्काल उस व्यक्ति को पकड़ लिया। नशे में धुत युवक ने जमकर विरोध किया, लेकिन पुलिस ने उसे किसी तरह सम्हालकर चौकी ले आई और उसके परिजनों को सूचित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है कि मानसिक रूप से संकट में लोगों को समय पर सहायता और सहानुभूति की आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रसार पर जोर दिया है, खासकर दीर्घकालिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें