April 14, 2026 10:17 am

विश्व हिंदू परिषद ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन: पांच सौ साल साल पुराने शिव मंदिर में मूर्तियां गायब, विहिप नें प्रशासन को दिया ज्ञापन।

कुमार गौरव

बांदा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने आज जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर 500 वर्ष पुराने शिव मंदिर में स्थापित मूर्तियों के गायब होने और मंदिर की संरचना को लगातार नुकसान पहुंचाए जाने का गंभीर मामला उठाया है। यह मंदिर बांदा शहर के क्योटरा मुक्ति धाम के पास, बाईपास रोड पर स्थित शिवबालक मैरिज लॉन के समीप स्थित है। विहिप के जिला संयोजक राजीव द्विवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मामले की आधिकारिक जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया है कि यह प्राचीन शिव मंदिर लगभग 500 वर्ष पहले मराठा राजा छत्रसाल के एक सेनापति द्वारा निर्मित कराया गया था और लगभग 40×40 फुट ऊंचे चबूतरे पर स्थित है।

संगठन का आरोप है कि पिछले कुछ समय से अराजक तत्वों द्वारा इस मंदिर में स्थापित प्राचीन मूर्तियां चोरी कर ली गई हैं और मंदिर की संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है। मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार तोड़-फोड़ की घटनाएं हो रही हैं, जिससे प्राचीन स्मारकों के संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ गई है। विहिप ने ज्ञापन में चिंता व्यक्त की कि इन तत्वों का उद्देश्य प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के निशान मिटाना है। संगठन ने यह भी बताया कि मंदिर के निकट एक अन्य प्राचीन मंदिर को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है और उसका मलबा आज भी मौके पर पड़ा हुआ है, जो इस बात का सबूत है कि स्थानीय स्तर पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं है।

विहिप ने जिलाधिकारी से अपील की है कि मूर्तियां चुराने और मंदिर को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, संगठन ने मंदिर के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर उसे सुरक्षित करने, स्थल का एहतियाती सर्वेक्षण कराने और शीघ्र जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराने की मांग की है। विहिप के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।इस मामले में अब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन स्थानीय निवासी और धार्मिक समुदाय में इस घटना को लेकर चिंता व्याप्त है। प्राचीन मंदिरों के संरक्षण को लेकर लगातार मांग उठ रही है कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों की रक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था तय की जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें