कुमार गौरव
बाँदा। जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित चकबन्दी कार्यों की समीक्षा बैठक में कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चकबन्दी अधिकारियों एवं सहायक चकबन्दी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन गांवों में चकबन्दी कार्य चल रहा है, वहां धारा-9, पड़ताल और कब्जा परिवर्तन की प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाए। साथ ही धारा-52 के कार्य को हर हाल में पूर्ण करने पर जोर दिया गया। उन्होंने प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

ग्रामवार समीक्षा में हटेटी पुरवा में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण, सिंहपुरमाफी में धारा-9 के प्रकाशन, तथा अलिहा में समझौता कार्य को गति देने के निर्देश दिए गए। नवादा बांगर में वादों की सुनवाई मई 2026 तक पूर्ण करने तथा कुलसारी में समझौता कार्य अप्रैल माह में ही समाप्त करने को कहा गया। इसके अलावा रामपुर में धारा-9 का कार्य पूर्ण होने के बाद समझौता प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा अमलीकौर बांगर में 15 अप्रैल से चक सीमांकन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने गांवों में मालियत निर्धारण, भूमि विवाद, चकरोड और पैमाइश से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान कर चकबन्दी कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री माया शंकर, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, सीओ चकबन्दी विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










